खरखरी में ट्रक चालक से नगदी और डीजल की लूट
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): राजगंज-महुदा फोरलेन सड़क पर मंगलवार देर रात नकाबपोश अपराधियों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट कर नगदी और डीजल लूटकर चलते बने। घटना मधुबन थाना क्षेत्र के खरखरी स्थित शान होटल के पास हुई है।
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर से राउरकेला जा रहा ट्रक संख्या OD 14W0145 का टायर फट गया था। इसके बाद चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। टायर नहीं बदल पाने के कारण चालक रात में वाहन में ही सो गया।
आरोप है कि देर रात करीब 2:30 बजे चार नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर चालक से पांच हजार रुपये से अधिक नकद तथा ट्रक में मौजूद करीब 250 लीटर डीजल लूट लिया और फरार हो गए।
समाचार लिखे जाने तक मधुबन थाना में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।