विश्व मत्स्य दिवस पर धनबाद में कार्यशाला आयोजित
आधुनिक मत्स्य पालन तकनीक की दी गई जानकारी
डीजे न्यूज, धनबाद: विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हीरापुर स्थित जिला मत्स्य कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त मत्स्य निदेशक संजय कुमार गुप्ता, जिला मत्स्य पदाधिकारी उषा किरण तथा बड़ी संख्या में मत्स्य किसान शामिल हुए। इस दौरान मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।
संयुक्त मत्स्य निदेशक संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि पहले मत्स्य पालन एक जटिल प्रक्रिया मानी जाती थी, लेकिन आधुनिक एवं कृत्रिम प्रजनन तकनीकों के उपयोग से यह कार्य अब काफी आसान और अधिक लाभदायक हो गया है। उन्होंने बताया कि पूरे झारखंड में विश्व मत्स्य दिवस मनाया जा रहा है और इसी क्रम में धनबाद में भी मत्स्य किसानों के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
जिला मत्स्य पदाधिकारी उषा किरण ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मत्स्य किसानों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। कार्यशाला में वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन, उत्पादन बढ़ाने के उपाय, तालाब प्रबंधन तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना और जिले में मत्स्य उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।