अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर पांच दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ, बच्चों ने सीखी रोबोटिक्स और एस्ट्रोनॉमी की बारीकियां
डीजे न्यूज, धनबाद:अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के शुभ अवसर पर नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल ‘पहला कदम’, जगजीवन नगर में पाँच दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिन रोबोटिक्स एवं एस्ट्रोनॉमी (खगोल विज्ञान) पर विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मेंटल मैथ कोडर्स के फाउंडर डॉ. सुरजीत दास एवं सुरंजित नंदी ने स्कूल पहुंचकर बच्चों को रोबोटिक्स और एस्ट्रोनॉमी के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि रोबोटिक्स के माध्यम से किस प्रकार रोबोट बनाए जाते हैं और वे विभिन्न कार्यों को करने में कैसे सहायक होते हैं।
वहीं एस्ट्रोनॉमी के अंतर्गत बच्चों को अंतरिक्ष, ग्रहों, तारों और खगोलीय पिंडों के बारे में रोचक जानकारियां दी गईं। विशेष रूप से टेलीस्कोप के बारे में बताया गया कि इसकी सहायता से दूर स्थित खगोलीय पिंडों को किस प्रकार देखा और समझा जा सकता है। इस शैक्षणिक गतिविधि ने बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा एवं उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को आधुनिक विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष की दुनिया से परिचित कराना तथा उनके अंदर सीखने, समझने और नई चीजों को जानने की रुचि विकसित करना था।
स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ नई तकनीकों और आधुनिक ज्ञान से जोड़ना है, ताकि वे भी अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ सकें। पांच दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के चेहरे पर खुशी उत्साह और नई सीख की चमक के साथ हुआ।