शिक्षकों के हक की लड़ाई में अजाप्टा पलामू की टीम सबसे आगे
डीजे न्यूज, पलामू : शिक्षकों के हितों की रक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उन्नयन के लिए अजाप्टा पलामू की टीम लगातार संघर्षरत है। जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार दूबे, महासचिव अमरेश कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष रामानुज प्रसाद, वरीय संगठन सचिव राजीव रंजन पांडेय व वरीय संयुक्त सचिव विनय मांझी संगठन के आन-बान-शान हैं।
हर गरीब के घर में शिक्षा का दीप कैसे जले, इसके लिए ये सभी प्रयासरत दिखते हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उन्नयन हेतु इनके सीने में दर्द है। जिला स्तरीय समस्याओं पर लगातार निगाहें जमाए रखते हैं और संबंधित पदाधिकारियों से संवाद स्थापित कर हल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हैं।
शिक्षक ईमानदारी से काम करते हैं, उन्हें समय पर वेतन मिलना चाहिए ताकि उन पर अवलंबित परिजनों को दिक्कत नहीं हो, खुशहाल जिंदगी बीते, भविष्य में आर्थिक समस्या उत्पन्न नहीं हो, इसका दंश नहीं झेलना पड़े। इसके लिए ये सभी सदैव मुस्तैद दिखते हैं। सभी प्रखंडों में समान रूप से आवंटन का बंटवारा हो और ससमय हो, इसके लिए लगातार कोशिश जारी रहती है। भविष्य निधि से लोन लेना हो आदि-आदि कामों पर गिद्ध की तरह दृष्टि जमाए रहते हैं।
पदोन्नति को लेकर छलका दर्द
वरीय संयुक्त सचिव विनय मांझी से बात कीजिए तो दर्द झलकता है, वह विषय है पदोन्नति। आज सभी विभागों में बिना भेदभाव के प्रोन्नति मिल रही है और यहां अवरुद्ध है। बीते वर्षों में वरीयता सूची का प्रकाशन हुआ, लेकिन रोस्टर क्लियरेंस के नाम पर दो-तीन महीनों तक फाइल धूल चाटती रही। इसके बाद हाल के महीनों में प्रवरण वेतनमान दिलाने हेतु कागज-पत्तर मांगा गया, वो भी जस का तस है। प्रवरण वेतनमान की श्रेणी में आने वालों को ग्रेड पे में इजाफा होता, थोड़ा ही सही वेतनवृद्धि होती, एरियर मिलता, कुछ तो होता। इनकी दर्दभरी दास्तां सुनकर लगा कि विभाग आज संवेदनहीन हो गई है।
क्षतिपूरक अवकाश की गुहार
आज शिक्षक योग दिवस, जनगणना व छुट्टी के दिनों में अन्य गैर शैक्षणिक कामों के बदले क्षतिपूरक अवकाश की गुहार कर रहे हैं। उन्हें भय सता रहा है कि यह छुट्टी यूं ही जाया न हो जाए, लेकिन विभाग समुचित कदम नहीं उठा रही है।
ध्रुव सत्य है कि संगठन के संघीय पदाधिकारियों के बदौलत शिक्षक चैन की जिंदगी जी रहे हैं, वो भी एक सामान्य शिक्षक हैं, इन्हें भी स्कूल करना पड़ता है। शिक्षकों को खरोंच नहीं लगे, इसके लिए बेताब दिखते हैं। कुछ उम्र और पारिवारिक जिम्मेदारियां भी आड़े हाथ आ रही हैं, फिर भी ‘ऑल इज वेल’।