विज्ञान दिवस के रूप में मनी डॉ. कलाम की जयंती

विज्ञान दिवस के रूप में मनी डॉ. कलाम की जयंती

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): लिटिल स्मार्ट मॉडल स्कूल में गुरुवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती विज्ञान दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उनके मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में डॉ. कलाम की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य सलीम आजाद ने कहा कि डॉ. कलाम ने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन कभी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए। अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर वे देश के महान वैज्ञानिक बने और राष्ट्रपति पद तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना जरूरी है। बिना लक्ष्य के कोई भी व्यक्ति डॉ. कलाम जैसा महान नहीं बन सकता।
विज्ञान प्रदर्शनी में मौसम कुमारी ने प्रथम, अंकिता कुमारी ने द्वितीय और पार्थ राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बाल विज्ञान प्रतियोगिता में खुशी कुमारी और आयुष कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। पल्लवी कुमारी द्वितीय तथा शिवम कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामजी प्रसाद, तान्या आजाद, आरती कुमारी और नैना कुमारी ने सराहनीय योगदान दिया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने, नई चीजें सीखने और महान वैज्ञानिकों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top