विधायक रागिनी की पहल से बस्ताकोला में दूर हुआ भीषण जलसंकट

विधायक रागिनी की पहल से बस्ताकोला में दूर हुआ भीषण जलसंकट

​
डीजे न्यूज, धनबाद:

बस्ताकोला क्षेत्र की लगभग 20 हजार की आबादी लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रही थी, लेकिन अब स्थानीय लोगों को इस समस्या से बड़ी राहत मिल गई है। विधायक रागिनी सिंह के हस्तक्षेप और त्वरित पहल के बाद क्षेत्र में सुचारू रूप से जलापूर्ति बहाल कर दी गई है। क्षेत्र में माडा के जरिए बस्ताकोला वाटर फिल्टर प्लांट मे पानी जमा किया जाता है। इसके बाद पाइपलाइन के माध्यम से क्षेत्र मे जलापूर्ति होती है। करीब तीन साल पहले अंबेडकर चौक के पास एक चैंबर बनाकर मीटर लगाया गया था,जो डेढ़ साल पहले खराब हो गया। मीटर खराब होने के कारण फिल्टर प्लांट में पानी की आवक बहुत कम हो गई थी। हालात यह हो गए थे कि फिल्टर प्लांट की टंकी को भरने में 10 से 15 दिन का समय लगने लगा था। परिणामस्वरूप, स्थानीय लोगों को गंभीर जलसंकट का सामना करना पड़ रहा था।
​डेढ़ साल से इस समस्या का दंश झेल रहे स्थानीय लोगों ने अपनी परेशानी वार्ड 34 के विधायक प्रतिनिधि पप्पू पासवान को बताई। इसके बाद पप्पू पासवान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी जानकारी विधायक रागिनी सिंह को दी। मामले का संज्ञान लेते हुए विधायक रागिनी सिंह ने तुरंत माडा अधिकारियों और बीसीसीएल प्रबंधन के साथ उच्चस्तरीय वार्ता की और क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि बस्ताकोला स्थित फिल्टर प्लांट से पहले बने चैंबर में लगे खराब मीटर को हटाकर पाइपलाइन को सीधे टंकी से जोड़ दिया जाए। इस सहमति के तहत गुरुवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए चैंबर से खराब मीटर को हटा दिया गया। मीटर हटते ही फिल्टर प्लांट में पानी की आपूर्ति सामान्य हो गई, जिससे टंकी समय पर भरने लगी है। जलापूर्ति सुचारू होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top