विधानसभा की उत्प्रेषित समिति पहुंची धनबाद, कतरी नदी का किया निरीक्षण अवैध खनन और कथित पुल निर्माण पर जताई चिंता

विधानसभा की उत्प्रेषित समिति पहुंची धनबाद, कतरी नदी का किया निरीक्षण

 

अवैध खनन और कथित पुल निर्माण पर जताई चिंता

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
आगामी विधानसभा सत्र को लेकर विधानसभा की उत्प्रेषित समिति दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंची है। इसी क्रम में रविवार को समिति के सदस्यों ने बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने कतरी नदी के बीच संचालित हो रहे अवैध कोयला खनन तथा भारी वाहनों की आवाजाही के लिए बनाए गए अस्थायी पुल का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक सरयू राय ने कहा कि बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में नदी के बीचों-बीच अवैध खनन का कार्य धड़ल्ले से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गजलीटांड़ क्षेत्र में कतरी नदी पर छह फीट पाइप डालकर आर के माइनिंग ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा एक अस्थायी पुल का निर्माण किया गया है, जिसका उपयोग भारी वाहनों के आवागमन के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां पर्यावरण और स्थानीय जनजीवन दोनों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं।
सरयू राय ने इस पूरे मामले पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि धनबाद में लगातार अवैध खनन के कारण लोगों की जान जा रही है, भू-धंसान और दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है और प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके अलावा धनबाद में आयोजित होने वाली समिति की बैठक में भी अवैध खनन और नदी क्षेत्र में किए जा रहे अतिक्रमण का मुद्दा रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो इस मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
सरयू राय ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट और अवैध खनन के कारण न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि आम लोगों का जीवन भी खतरे में पड़ रहा है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और प्रशासन को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करनी चाहिए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top