पर्वों पर चाक-चौबंद रहेगी व्यवस्था, पूजा पंडालों से छठ घाटों तक प्रशासन की पैनी नजर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक हुई। इसमें सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात, प्रकाश एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी प्रमुख पूजा पंडालों, पूजा स्थलों और छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा संभावित समस्याओं को पहले से चिह्नित कर उनका समाधान सुनिश्चित करने को कहा। पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
छठ पूजा को लेकर घाटों की सफाई, समतलीकरण, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल और चेंजिंग रूम की व्यवस्था समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया गया। गहरे पानी और संवेदनशील घाटों को चिह्नित कर वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पूजा पंडालों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और छठ घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं प्रभावी निगरानी का निर्देश दिया। प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति रोकने के लिए रूट प्लान, यातायात प्रबंधन और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया।
महापौर प्रमिला मेहरा ने नगर निगम क्षेत्र में पर्व के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, कचरे का त्वरित उठाव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में पूजा पंडालों की अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, प्रवेश-निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ स्थल पर जाकर व्यवस्थाओं का सत्यापन करें, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।