वंदे मातरम’ के अपमान को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी का फूंका पुतला
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के अपमान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रणधीर वर्मा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक राज सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय गीत का अपमान करना देश की भावनाओं का अपमान है और यह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश की संस्कृति और राष्ट्रभावना को ठेस पहुंचाई है। दरअसल, कांग्रेस कार्यालय में झंडोत्तोलन के दौरान ‘वंदे मातरम’ बजाया जा रहा था। भाजपा का आरोप है कि इस दौरान बातचीत होती रही और वरिष्ठ नेताओं के इशारे के बाद गीत को पूरा होने से पहले ही रोक दिया गया।