विशाखापट्टनम में बगोदर के प्रवासी मजदूर की मौत, मुआवजे की उठी मांग
डीजे न्यूज, बगोदर,गिरिडीह : बगोदर थाना क्षेत्र के बेको पश्चिमी पंचायत स्थित हरिजन टोला निवासी 22 वर्षीय प्रवासी मजदूर कैलाश कुमार घांसी की विशाखापट्टनम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैलाश कुमार घांसी, सुकर घांसी के पुत्र थे। बताया जाता है कि वह पिछले तीन वर्षों से विशाखापट्टनम में रहकर मजदूरी कर रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और रोजी-रोटी के लिए घर से दूर रहकर काम कर रहे कैलाश पिछले सोमवार से लापता थे। परिजन और परिचित उनकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच गुरुवार को उनका शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के चाचा रूपचंद घांसी ने स्थानीय ठेकेदार एवं संबंधित कंपनी से परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कैलाश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ऐसे में कंपनी और ठेकेदार को पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
फिलहाल परिजन कैलाश का शव गांव लाने और मौत की पूरी जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। परिवार ने प्रशासन एवं संबंधित कंपनी से घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा उचित सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है।