भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क पर उतरे छात्र, अहिल्यापुर थाना का घेराव, कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
डीजे न्यूज, गिरिडीह : स्कूल भवन निर्माण में अनियमितता के विरोध में अहिल्यापुर में छात्रों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर अहिल्यापुर थाना का घेराव कर दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामला अहिल्यापुर स्थित प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय के भवन निर्माण से जुड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक द्वारा निर्माण कार्य में अनियमितता बरती जा रही है और ठेकेदार मनमानी कर रहा है। इसी को लेकर कल ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवाकर गुणवत्ता के साथ काम शुरू कराने की मांग की थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध के दौरान अहिल्यापुर थाना पुलिस और संवेदक के कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की। इसी से नाराज होकर आज सैकड़ों की संख्या में छात्र अहिल्यापुर थाना पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
माहौल बिगड़ता देख आसपास के कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। सूचना पर *एसपी डॉ. बिमल कुमार और एसडीपीओ जीतवाहन उरांव* समेत कई पुलिस पदाधिकारी पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।