त्योहारों में मिलावट पर प्रशासन की नजर, घोड़थम्भा में खाद्य दुकानों की जांच से मचा हड़कंप

त्योहारों में मिलावट पर प्रशासन की नजर, घोड़थम्भा में खाद्य दुकानों की जांच से मचा हड़कंप

डीजे न्यूज, गिरिडीह : पर्व-त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छता की आशंका को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने खोरीमहुआ अनुमंडल के घोड़थम्भा में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 15 दुकानों का निरीक्षण किया गया और 14 दुकानदारों को अनिवार्य रूप से एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, दुकानों की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। मिठाई दुकानदारों, पनीर विक्रेताओं और होटल संचालकों को खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण और बिक्री में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों में केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमन्य रंगों का ही इस्तेमाल किया जाए। प्रतिबंधित या हानिकारक रंगों का उपयोग किसी भी स्थिति में नहीं किया जाना चाहिए।

नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशुतोष गहलौत ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के अनुसार, पर्व-त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और जनस्वास्थ्य की रक्षा करना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top