दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बीच मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना, ताला तोड़कर बाल्टी-लोटा समेत सामान चोरी
डीजे न्यूज, गिरिडीह :पचंबा थाना क्षेत्र के नर्मदा नामक स्थान स्थित एक मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। एक ओर लोग मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन में व्यस्त थे, वहीं दूसरी ओर चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंदिर के पुजारी अमित शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6:30 बजे वह मंदिर में ताला लगाकर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने गए थे। गुरुवार की सुबह जब वह मंदिर पहुंचे, तो ताला टूटा हुआ मिला। मंदिर के अंदर जांच करने पर बाल्टी, लोटा समेत अन्य सामान गायब पाया गया।
घटना की सूचना पचंबा थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मंदिर में चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त है।