टुंडी में सीएसपी संचालक से लूट का खुलासा
एक गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद): बीते 13 अप्रैल को
टुण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमारटीह में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र सीएसपी संचालक से हुई लूट मामले का उद्भेदन करने का दावा पुलिस ने किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना 13 अप्रैल की दोपहर करीब 2:50 बजे की है, जब तीन अज्ञात अपराधी सफेद गमछे से अपना चेहरा ढककर सीएसपी के अंदर प्रवेश किया। अपराधियों ने रिवाल्वर का भय दिखाकर 78,750 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए टुण्डी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घटनास्थल एवं आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। जांच के दौरान मिले फुटेज के आधार पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सुन्दरपहाड़ी निवासी डिग्गू गोप (28 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
गहन पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और अपने दो अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल (JH 10BV 2355), घटना के समय पहना गया जूता तथा 1,120 रुपये नगद बरामद किया है।