गांवों के विकास से ही मजबूत होगा झारखंड

Advertisements

गांवों के विकास से ही मजबूत होगा झारखंड

सीएम ने पंचायत प्रतिनिधियों को किया सम्मानित

डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित “मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह-सह-मुखिया सम्मेलन 2026 (दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल)” में शिरकत की। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, ग्राम सभा, पंचायत समिति और जिला परिषद को सम्मानित करते हुए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य का समग्र विकास गांवों के सशक्तिकरण पर निर्भर करता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को ग्रामीणों के सबसे नजदीक बताते हुए कहा कि उनकी कार्यकुशलता से ही विकास की गति तय होती है। “गांव मजबूत होगा तो राज्य मजबूत होगा,” यह कहते हुए उन्होंने पंचायतों की भूमिका को बेहद अहम बताया।

कार्यक्रम के दौरान Unique Identification Authority of India (UIDAI) से संबंधित एमओयू का औपचारिक हस्तांतरण भी किया गया। इसके तहत अब ग्राम पंचायत स्तर पर ही आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी, जिससे ग्रामीणों को सहूलियत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने जल संकट को लेकर भी सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने तालाबों की सफाई, गहरीकरण, वर्षा जल संचयन और चापाकलों के पास सोक पिट निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि इन कार्यों को प्राथमिकता दें, ताकि गर्मी के दिनों में जल संकट से निपटा जा सके।

इसके साथ ही उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ सोलर पावर प्लांट लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेतों की खाली जमीन पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली उत्पादन किया जा सकता है, जिसे सरकार खरीदेगी, इससे ग्रामीणों की आय बढ़ेगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की अपील की।

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, ममता देवी, राजेश कच्छप, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top