राजगंज में सड़क हादसे में एक की मौत, दो जख्मी
खरनी ओवरब्रिज के पास की घटना
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के खरनी ओवरब्रिज के सिक्स लेन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंगाल से चौपारण जा रही एक कार आगे चल रहे एचपी गैस टैंकर से टकरा गई।
इस हादसे में कार चालक हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबाजित गांव निवासी करीब 42 वर्षीय गणेश साव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में सवार उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और ओवरब्रिज पर आगे चल रहे टैंकर के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा टैंकर के पीछे घुस गया, जिससे चालक कार में ही फंस गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जख्मियों को तत्काल इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेजा गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले आई है और आगे की कार्रवाई जारी है।