ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
धनबाद-गया मुख्य रेल लाइन पर कतरास गौशाला पुल के पास गुरुवार तड़के एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। गौशाला पुल से लगभग 100 मीटर पूर्व दिशा में डाउन लाइन के पोल संख्या 284(16) और 284(18) के बीच एक व्यक्ति का शव मिला। शव का सिर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। थाना प्रभारी ने बताया कि रेलवे पीडब्ल्यूआई के द्वारा घटना की जानकारी प्राप्त हुई। घटनास्थल पहुंचने पर देखा कि मृतक का शव रेल पटरी के ठीक बीचों-बीच पड़ा हुआ था। इस दुर्घटना के कारण राजधानी एक्सप्रेस को निचितपुर हाल्ट के पास रोकना पड़ा था। रेल परिचालन को बाधित होने से बचाने और यातायात सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को पटरी से हटाकर किनारे कराया, जिसके बाद ट्रेनों का आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो सका।
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। घटनास्थल के समीप रेल पटरी पर लाल रंग का गमछा, मैरून रंग की शॉल और बैंगनी रंग की चप्पलें बरामद हुई हैं। मृतक ने काले रंग का ट्राउजर और हल्के हरे रंग की गंजी पहन रखी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आसपास के क्षेत्रों में उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।