आईआईटी (आईएसएम) के पूर्व छात्र अशोक कुमार बर्णवाल बने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव

आईआईटी (आईएसएम) के पूर्व छात्र अशोक कुमार बर्णवाल बने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव

डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के लिए यह गर्व का क्षण है कि संस्थान के पूर्व छात्र अशोक कुमार बर्णवाल को मध्य प्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वर्ष 1989 में माइनिंग इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी करने वाले बर्णवाल 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।

मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को उनके मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने का आदेश जारी किया। यह आदेश मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) द्वारा मौजूदा मुख्य सचिव अनुराग जैन को नीति आयोग का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किए जाने के तुरंत बाद जारी किया गया। बर्णवाल 31 जनवरी 2027 को सेवानिवृत्त होने तक मध्य प्रदेश की नौकरशाही का नेतृत्व करेंगे।

वर्तमान में बर्णवाल लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। इसके अलावा उनके पास भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त, मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार भी है। तीन दशक से अधिक लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार और भारत सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे वन, कृषि, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभागों के अपर मुख्य सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव, मार्कफेड के प्रबंध संचालक, लोक शिक्षण आयुक्त, राज्य शिक्षा मिशन आयुक्त तथा गुना, देवास और शहडोल के कलेक्टर भी रह चुके हैं। केंद्र सरकार में उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। उनके पास पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में पीजी डिप्लोमा भी है।

उनकी इस उपलब्धि पर आईआईटी (आईएसएम) परिवार में खुशी की लहर है। समाज और सार्वजनिक सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें बासंत 2019 के दौरान आयोजित आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के वार्षिक पूर्व छात्र सम्मेलन में “डायरेक्टर्स अवार्ड फॉर कंट्रीब्यूशन टू द सोसाइटी” से सम्मानित किया गया था।

मार्श इंडिया के चीफ स्ट्रेटजी ऑफिसर (गवर्नमेंट बिजनेस) एवं पैन आईआईटी एलुमनाई के पूर्व महासचिव अशोक कुमार ने बर्णवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति पूरे आईआईटी परिवार के लिए गर्व की बात है। उनका सफर नेतृत्व, ईमानदारी और जनसेवा का प्रेरक उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।”

बर्णवाल की यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के पूर्व छात्र देश के प्रशासन, नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top