पीएम श्री विद्यालयों में अक्टूबर से होगी मॉडल युवा ग्राम सभा की शुरुआत

पीएम श्री विद्यालयों में अक्टूबर से होगी मॉडल युवा ग्राम सभा की शुरुआत

शिक्षकों को मिला तीन दिवसीय प्रशिक्षण

डीजे न्यूज, गिरिडीह : राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, रांची एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, गिरिडीह के निर्देशानुसार जिले के संचालित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक पीएम श्री विद्यालयों में अक्टूबर महीने से “मॉडल युवा ग्राम सभा” का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर झारखंड राज्य स्तर पर ए.आर.टी.टी.सी., बी.एस.एन.एल., रांची में 20 से 22 जुलाई तक तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में गिरिडीह जिले के विभिन्न प्रखंडों के संचालित माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक पीएम श्री विद्यालयों के शिक्षक संजीव कुमार, कारण कुमार दास, काजल पांडेय, गीता कुमारी, रंजीता कुमारी, गोपाल रजक, अजय सिंह, सनौज कुमार, कुमारी रंजीता, गुलाब चंद मांझी, सुशीला शर्मा, बहादुर प्रसाद एवं परमानन्द यादव ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय स्तर पर मॉडल युवा ग्राम सभा का आयोजन किस प्रकार किया जाएगा, इस पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही प्रतिभागियों को प्ले-रोल (Role Play) के माध्यम से ग्राम सभा के संचालन का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि विद्यालयों में इस कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

बताया गया कि राज्य स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग के सहयोग से झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल (JEPC) द्वारा किया गया। यह पहल पंचायती राज मंत्रालय की परिकल्पना एवं अनुशंसाओं के अनुरूप राज्य के 248 पीएम श्री विद्यालयों में “मॉडल युवा ग्राम सभा” के गठन और संचालन के उद्देश्य से शुरू की गई है।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, पंचायत प्रणाली, नेतृत्व क्षमता, सहभागिता और स्थानीय स्वशासन की कार्यप्रणाली से व्यवहारिक रूप से जोड़ना है, ताकि उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व के गुण विकसित हो सकें।

इस संबंध में नोडल शिक्षक संजीव कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान मॉडल युवा ग्राम सभा के संचालन की पूरी प्रक्रिया से शिक्षकों को अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर अक्टूबर माह में जिले के पीएम श्री विद्यालयों में मॉडल युवा ग्राम सभा का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top