ट्रांसफार्मर जलने से 12 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप आक्रोशित महिला-पुरुषों ने लोदना क्षेत्रीय कार्यालय का किया घेराव

ट्रांसफार्मर जलने से 12 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप

आक्रोशित महिला-पुरुषों ने लोदना क्षेत्रीय कार्यालय का किया घेराव

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): ट्रांसफार्मर जलने के कारण पिछले 12 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान जियलगोरा चेकपोस्ट एवं आसपास के मोहल्ले के दर्जनों महिला-पुरुषों ने मंगलवार को लोदना क्षेत्रीय कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
पार्षद मुनिलाल रविदास और विजय हरि के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट पर धरना दिया, जिससे कार्यालय का कामकाज प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एक हजार केवी के ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड के कारण वह बार-बार जल जा रहा है। महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा और क्षेत्रीय विद्युत अभियंता एसके मालवीय के हस्तक्षेप के बाद प्रशासनिक अधिकारी अमित कुमार गुप्ता ने वार्ता की। उन्होंने बुधवार को वैकल्पिक ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी डेढ़ घंटे बाद शांत हुए। पार्षद मुनिलाल रविदास ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक बिजली नहीं आई तो क्षेत्र की ट्रांसपोर्टिंग ठप कर दी जाएगी। पार्षद ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर से लगभग 2 हजार परिवार जुड़े हैं। बिजली नहीं रहने से पिट वाटर की आपूर्ति भी बंद है। उन्होंने अतिरिक्त या अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। मौके पर लालू हरि, गोपाल हरि, राम हरि, अनीता देवी, गुड़िया देवी, आशा देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद थीं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top