खनन प्रभावित समुदायों के विकास व आजीविका पर हुई चर्चा

खनन प्रभावित समुदायों के विकास व आजीविका पर हुई चर्चा

डीजे न्यूज, धनबाद: माइन्स क्लोजर एडवायजरी कमिटी की बैठक समाहरणालय के सभागार में मंगलवार को डीसी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में हुई।

इसमें भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के सभी 12 एरिया में खनन गतिविधियाँ समाप्त होने के उपरांत प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक विकास और स्थानीय निवासियों के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तृत रुप में चर्चा की गई।

जिसमें स्थानीय आबादी के वैकल्पिक आजीविका तथा उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास एवं प्रशिक्षण देने, प्रभावित परिवारों एवं व्यक्तियों को कृषि, हस्तशिल्प, पॉल्ट्री फार्मिंग, सिलाई, आईटी कौशल तथा स्वरोजगार व उद्यमिता के लिए आवश्यक संसाधन एवं प्रशिक्षण प्रदान कराने का निर्णय लिया गया।

साथ में पर्यावरण संरक्षण हेतु बागवानी, मधुमक्खी पालन, स्थानीय प्रजातियों के पौधारोपण को बढ़ावा देने, कृषि एवं संबद्ध गतिविधियाँ, इको टूरिज्म विकासित करने पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि खदान बंद होने वाले स्थलों का कायाकल्प कर उन्हें नौकायन, ट्रैकिंग और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसके अलावा खनन से प्रभावित जल निकायों का पुनरुद्धार किया जा सकता है। स्थानीय समुदायों को सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सौर ऊर्जा एवं बायोगैस परियोजनाएँ स्थापित की जा सकती है।

कहा कि प्रभावित क्षेत्र की महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान हेतु विशेष कल्याणकारी योजनाएँ, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की देखभाल व सहायता के लिए विशेष कार्यक्रम लागू किए जा सकते हैं। प्रभावित क्षेत्र के परिवारों के लिए निर्मित परिसंपत्तियों व सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव का जिम्मा स्थानीय समुदायों, स्वयं सहायता समूहों और प्रभावित परिवारों को सौंपा जाएगा। इसके साथ ही कचरा प्रबंधन व नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक विकास के लिए समिति को दीर्घकालिक आजीविका पर विशेष ध्यान केंद्रित करना होगा। सभी योजनाएं डीएमएफटी एवं जेआरडीए पीएमयू के पास आएगी। योजना का यूटिलिटी रिपोर्ट आने के बाद समिति द्वारा योजना स्वीकृत की जाएगी। इसके लिए पीएमयू को और मजबूत बनाया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, वन प्रमंडल पदाधिकारी  विकास पालीवाल, जिला खनन पदाधिकारी  रितेश राज तिग्गा, बीसीसीएल के एचओडी इनवायरमेंट सौद अनवर, बीसीसीएल के सभी 12 एरिया के प्रोजेक्ट ऑफिसर, प्रभावित पंचायत के मुखिया व अन्य लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top