टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से दो नाबालिगों की सुरक्षित बरामदगी

टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से दो नाबालिगों की सुरक्षित बरामदगी

डीजे न्यूज, धनबाद:
यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए धनबाद मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने अलग-अलग ट्रेनों में दो नाबालिगों को सुरक्षित बरामद कर उन्हें रेलवे सुरक्षा बल को सुपुर्द किया। शुक्रवार को चेकिंग स्टाफ मोहम्मद शाहनवाज के द्वारा टिकट जांच ड्यूटी के दौरान गाड़ी संख्या 17008 दरभंगा–चेरलापल्ली एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में लगभग 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया। टिकट जांच के दौरान लड़की ने बताया कि वह घर से नाराज होकर निकल आई है। मामले की सूचना तत्काल धनबाद वाणिज्य नियंत्रण को दी गई। तत्पश्चात समन्वय स्थापित कर उक्त नाबालिग को बोकारो आरपीएफ को  सुपुर्द किया गया, जहां वह सुरक्षित है तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 03639 धनबाद–शकूरबस्ती एक्सप्रेस में भी टिकट जांच के दौरान एक नाबालिग के घर से भागकर यात्रा करने की जानकारी मिली। टिकट चेकिंग स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित रूप से आरपीएफ के सुपुर्द किया। साथ ही नाबालिग के परिजनों, विशेषकर उसके पिता, को तत्काल सूचना देकर आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया। धनबाद मंडल का टिकट चेकिंग स्टाफ केवल टिकट जांच तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसी सतर्कता एवं मानवीय संवेदनशीलता रेलवे की सुरक्षित, संरक्षित एवं यात्री-केंद्रित सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top