तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दंपति और मासूम घायल
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के रोड हरलाडीह में गुरुवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति समेत एक बच्चा घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रोड हरलाडीह के समीप एक चारपहिया वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार असंतुलित होकर सड़क किनारे गिर पड़े। हादसे में बाइक चला रहे महेश मरांडी, उनकी पत्नी और बच्चा घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया जाता है कि घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल चारपहिया वाहन बोकारो जिले का बताया जा रहा है।
पुलिस वाहन की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।