दंपति हत्याकांड में पुलिस का गांव में डेरा, एफएसएल जांच से खुल सकते हैं हत्या के राज
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : मधुबन थाना क्षेत्र के दालान चलकरी गांव स्थित तिरिलटांड़ में हुए सनसनीखेज दंपति हत्याकांड के बाद पुलिस की जांच लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। गुरुवार को पुलिस अधिकारियों की टीम गांव पहुंची और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
पुलिस ने परिजनों को आश्वस्त किया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं मृतक पतिया हांसदा के भाई के लिखित आवेदन पर मधुबन थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार मामले की हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है। ग्रामीणों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं। घटना के बाद गांव में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दंपति की निर्मम हत्या कर दी थी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
जांच को वैज्ञानिक आधार देने के लिए शुक्रवार को एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्यों की जांच करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि फॉरेंसिक जांच से हत्याकांड से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं, जिससे मामले का जल्द खुलासा संभव हो सकेगा।