मधुबन में किशोरियों और महिलाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : मधुबन पंचायत में गुरुवार को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन एवं “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के तहत एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कविता देवी ने की। बैठक में जल सहिया, स्वास्थ्य सहिया, किशोरियों और ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान सुरक्षित सैनिटरी पैड के उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की आदत और संक्रमण से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
यूनिसेफ की सहयोगी संस्था एलईएडीएस (LEADS) के समन्वयक संतोष कुमार सिंह एवं संजय कुमार ने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर समाज में खुलकर बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा सामाजिक संकोच को छोड़कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने माहवारी स्वच्छता से जुड़े संदेशों को घर-घर तक पहुंचाने और समुदाय में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही इस तरह के कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
मौके पर मुखिया, वार्ड सदस्य दशमी देवी, जल सहिया आशा देवी, पंचायत सहायक बबलू कुमार सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।