सुदिव्य कुमार सोनू के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि : कृष्ण मुरारी शर्मा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : राष्ट्रीय नाई महासभा की ओर से गुरुवार को कृष्णानगर में दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सभा को संबोधित करते हुए झामुमो नेता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह के विकास के लिए समर्पित जननेता और विकास पुरुष थे। उन्होंने गिरिडीह के विकास के लिए कई बड़ी योजनाओं की नींव रखी और उन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास किया। विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, सोलर सिटी, मेरिन ड्राइव, गिरिडीह-पचंबा फोरलेन, खंडोली डैम व उसरी फॉल के सौंदर्यीकरण तथा करीब 380 करोड़ रुपये की पेयजल योजना समेत कई योजनाओं को उन्होंने आगे बढ़ाया था।
शर्मा ने कहा कि सोनू सभी जाति, वर्ग और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने वाले नेता थे। उनके निधन से गिरिडीह ने एक ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस होगी। श्रद्धांजलि सभा में अपने विचार रखते हुए कृष्ण मुरारी शर्मा भावुक हो गए।
राष्ट्रीय नाई महासभा के जिलाध्यक्ष नंदलाल शर्मा ने कहा कि गिरिडीह में जननायक कर्पूरी ठाकुर चौक का सौंदर्यीकरण सुदिव्य कुमार सोनू की देन है। उन्होंने कर्पूरी छात्रावास के निर्माण का भी आश्वासन दिया था, लेकिन असमय निधन से यह सपना अधूरा रह गया।
हीरा देवी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने जनहित में जो कार्य किए हैं, उन्हें गिरिडीह की जनता हमेशा याद रखेगी। उनके विकास कार्य और जनसेवा की भावना लोगों के बीच लंबे समय तक जीवित रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में शकलदेव शर्मा, हीरा देवी, अर्जुन शर्मा, बसंत ठाकुर, मिट्ठू ठाकुर, सहदेव ठाकुर, मुकेश ठाकुर, प्रकाश शर्मा, अर्जुन ठाकुर, राजू ठाकुर, श्यामसुंदर ठाकुर, सुनील ठाकुर, राम कुमार शर्मा, बासुदेव ठाकुर, अशोक शर्मा, वीरेंद्र ठाकुर, प्रेम शर्मा सहित कई लोग मौजूद थे।