13 सितंबर को बनियाडीह में मंत्री को श्रद्धांजलि देने जुटेगा जनसैलाब
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में 13 सितंबर रविवार को बनियाडीह में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन (झाकोमयू) के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली सभा बनियाडीह स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के सामने मैदान में होगी। सभा में तीन से चार हजार लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में पार्टी और मजदूर संगठन के नेताओं ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। नेताओं ने मंच, लोगों के बैठने की व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और आवागमन समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
नेताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने अपने कार्यकाल में गिरिडीह के विकास और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाई। कम समय में उन्होंने कई विकास योजनाओं को गति देने का प्रयास किया। उनके असामयिक निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों में भी गहरा शोक है। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर अपने प्रिय जनप्रतिनिधि को श्रद्धांजलि देंगे।
सभा स्थल के निरीक्षण के दौरान डिप्टी मेयर सह झामुमो नेता सुमित कुमार, अजीत पप्पू, शाहनवाज अंसारी, दिलीप मंडल, कोलेश्वर सोरेन, दिलीप रजक, झाकोमयू के हरगौरी साव छक्कू, तेजलाल मंडल, सुनील यादव, टूना सिंह समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।