15 दिनों में पंचायत से वार्ड स्तर तक संगठन का विस्तार करेगा झामुमो : केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय 

15 दिनों में पंचायत से वार्ड स्तर तक संगठन का विस्तार करेगा झामुमो : केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गिरिडीह में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गिरिडीह परिसदन में पार्टी के वर्ग संगठनों और महानगर समिति के अध्यक्ष एवं सचिवों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की। इसमें मुख्य रूप से झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री फागू बेसरा उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सभी वर्ग संगठनों को अगले 15 दिनों के भीतर पंचायत स्तर से लेकर शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड तक संगठन का विस्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता से ही संगठन मजबूत होता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा के साथ संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

वहीं, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री फागू बेसरा ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के हक एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करना सिखाया है। अब सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि गुरुजी और भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए एकजुट होकर काम करें।

बैठक में संकल्प लिया गया कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को सच्ची श्रद्धांजलि गिरिडीह में झामुमो संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर दी जाएगी।

मौके पर जिला सचिव महालाल सोरेन, महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, दिलीप मंडल, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, जिला सह सचिव दिलीप रजक, दारा हाजरा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, अभय सिंह समेत युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, छात्र मोर्चा, किसान मोर्चा, व्यवसाय मोर्चा, क्रीड़ा मोर्चा, बुद्धिजीवी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और मजदूर यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top