

सतसाल अजय नदी घाट के शवदाह गृह का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

जल्द संचालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
डीजे न्यूज, जामताड़ा : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने बुधवार को सतसाल स्थित अजय नदी घाट पर निर्मित शवदाह गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इसकी वर्तमान स्थिति और संचालन में आ रही बाधाओं की जानकारी ली।
लंबे समय से बंद, अब होगा संचालन
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त को बताया गया कि शवदाह गृह कई वर्ष पूर्व बनाया गया था, लेकिन संचालन शुरू नहीं हो पाया है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी बाधाएं दूर कर जल्द से जल्द इसे शुरू किया जाए, ताकि जिलेवासियों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधाएं तभी सार्थक होंगी, जब लोग इसका सक्रिय रूप से उपयोग करेंगे।
उपायुक्त ने शवदाह गृह के समुचित संचालन के लिए त्वरित कार्रवाई करने को कहा। निरीक्षण के समय उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण चौधरी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत जामताड़ा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
