सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अग्नि सुरक्षा का पाठ, बच्चों ने खुद चलाया फायर एक्सटिंग्विशर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : शुक्रवार को.शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग, गिरिडीह की टीम ने विद्यार्थियों को आग से बचाव और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को आग लगने के कारणों, उसके विभिन्न प्रकारों और आग बुझाने के सुरक्षित तरीकों की जानकारी दी गई।
अग्निशमन पदाधिकारी रवि रंजन सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने विद्यालय परिसर में फायर एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों को स्वयं अग्निशामक यंत्र चलाने का अभ्यास भी कराया गया, ताकि आपात स्थिति में वे घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम ले सकें।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने अग्निशमन विभाग की टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और आपदा के समय आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया ।कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।