सरस्वती शिशु मंदिर बंदखारो में श्रद्धा से मनाया गया नव कन्या पूजन, नौ दुर्गा के रूप में सजी बच्चियों ने मोहा मन

सरस्वती शिशु मंदिर बंदखारो में श्रद्धा से मनाया गया नव कन्या पूजन, नौ दुर्गा के रूप में सजी बच्चियों ने मोहा मन

डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : सरिया प्रखंड अंतर्गत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बंदखारो में शुक्रवार 16 अक्टूबर को श्रद्धा-भक्ति और उत्साहपूर्वक नव कन्या पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मां दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों की मनोहारी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय

परिसर में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति, योग और संस्कार का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति से भारतीय परंपराओं के प्रति आस्था एवं सम्मान का संदेश दिया। नवदुर्गा के नौ रूपों में सजी वाटिका वर्ग की कन्याएं समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं। छात्राओं ने शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के रूप में सजकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी जी ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का विधिवत पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

प्रधानाचार्य अर्जुन प्रसाद आर्य ने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं बल्कि नारी शक्ति के प्रति सम्मान और श्रद्धा का जीवंत प्रतीक है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना भी है।

समारोह के दूसरे चरण में भैया-बहनों द्वारा डांडिया नृत्य का प्रदर्शन किया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि डांडिया खेलने से मस्तिष्क में ऑक्सीटोसिन हार्मोन रिलीज होता है जो तनाव कम करता है और ब्रेन फंक्शन को मजबूत करता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गीता कुमारी वर्मा, पुष्पा कुमारी, सरिता कुमारी, धीरज कुमार, देवन्ती कुमारी, प्रकाश कुमार, थानु महतो, हेमंती कुमारी का सराहनीय योगदान रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top