सरिया में बोलेरो-टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत, चार बच्चों समेत 10 घायल

सरिया में बोलेरो-टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत, चार बच्चों समेत 10 घायल

डीजे न्यूज, सरिया,गिरिडीह : सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग पर एसआरके डीएवी स्कूल के समीप रविवार देर शाम बोलेरो और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो चालक समेत उसमें सवार 10 लोग घायल हो गए। इनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर करने की तैयारी चल रही थी।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर भागने लगा। स्थानीय लोगों ने पीछा कर बागोडीह स्थित बराकर पुल के समीप बोलेरो को पकड़ लिया और इसकी सूचना प्रशासन को दी।

बताया गया कि टेंपो में सवार सभी लोग सरिया विवेकानंद चौक स्थित टेंपो स्टैंड से बिरनी प्रखंड के दलांगी, कपिलो, रजमनिया, पंदना और बाराटांड़ आदि क्षेत्रों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डीएवी स्कूल के पास हादसा हो गया।

घायलों में पार्वती देवी (बाराटांड़), खलील मियां, जुलेखा खातून, मतीन अंसारी (15), रहमान रजा (4), दीपिका कुमारी (15, मंझलीटांड़), दिव्या कुमारी (12), डोली देवी (पंदना) और आनंद कुमार (रजमनिया) समेत अन्य शामिल हैं। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में घायलों के परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई। सभी अपने-अपने परिजनों के बेहतर इलाज के लिए भागदौड़ करते नजर आए।

तीन सीट की क्षमता, टेंपो में 15 यात्री

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय टेंपो में चालक समेत करीब 15 लोग सवार थे। इनमें से पांच लोगों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि चालक समेत 10 लोग घायल हो गए। लोगों का कहना है कि परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार टेंपो में सीमित संख्या में यात्रियों को ही बैठाने की अनुमति होती है, लेकिन सरिया क्षेत्र में अक्सर टेंपो, टोटो और छोटे वाहनों में क्षमता से कई गुना अधिक यात्रियों को बैठाकर 35-40 किलोमीटर तक की यात्रा कराई जाती है।

स्थानीय लोगों ने ओवरलोडिंग को हादसे की प्रमुख वजहों में से एक बताते हुए परिवहन व्यवस्था और यातायात निगरानी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर वाहनों का परिचालन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top