
सरिया के मंधनिया जंगल में मिला राजधनवार के व्यक्ति का शव, पहचान के बाद परिजनों को सौंपा गया
डीजे न्यूज, सरिया, गिरिडीह : नगर पंचायत क्षेत्र मंधनिया जंगल में मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे अज्ञात अवस्था में मिले 55 वर्षीय व्यक्ति के शव की पहचान हो गई है। शव बरामद होने के बाद सरिया पुलिस ने अंत्य परीक्षण कर परिजनों को सौंप दिया।
शव की हुई पहचान
सरिया थाना प्रभारी योगेश कुमार महतो ने बताया कि शव मिलने की खबर अखबारों और सोशल मीडिया पर फैल गई थी। इसके बाद राजधनवार थाना क्षेत्र के गोरहंद गांव के कुछ लोग सरिया थाना पहुंचे और शव की पहचान नंदलाल यादव उर्फ कैला महतो (पिता स्व. दुखन महतो, निवासी- गोरहंद, थाना- राजधनवार, जिला- गिरिडीह) के रूप में की।
15 मार्च से थे लापता
परिजनों के अनुसार, नंदलाल यादव 15 मार्च की सुबह घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
स्वाभाविक मौत की आशंका, यूडी केस दर्ज
मृतक के भाई सुरेंद्र यादव ने सरिया थाना में आवेदन देकर कहा कि यह स्वाभाविक मौत का मामला है और किसी पर कोई संदेह नहीं जताया। पुलिस ने इस संबंध में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।