सऊदी अरब में प्रवासी मजदूर की मौत के नौ दिन बाद भी नहीं पहुंचा शव, मुआवजे को लेकर भी परिवार चिंतित

सऊदी अरब में प्रवासी मजदूर की मौत के नौ दिन बाद भी नहीं पहुंचा शव, मुआवजे को लेकर भी परिवार चिंतित

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के मुंडरो निवासी प्रवासी मजदूर द्वारिका महतो की सऊदी अरब में नौ दिन पूर्व हुई मौत के बाद भी उनका शव भारत नहीं पहुंच सका है। वहीं, परिजनों को कंपनी की ओर से मिलने वाले मुआवजे के भुगतान को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस कारण मृतक के परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिवार अपने सदस्य के अंतिम दर्शन के लिए हर दिन इंतजार कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि मृतक द्वारिका महतो डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चीनो समदा निवासी दशरथ महतो के पुत्र थे। वह पिछले 25 वर्षों से अपने ससुराल मुंडरो में घरजमाई के रूप में रह रहे थे। द्वारिका महतो की मौत 20 जून 2026 को सऊदी अरब में काम करने के दौरान हो गई थी। अपने पीछे वह पत्नी धनेश्वरी देवी, पुत्र सचिन कुमार, सतीश कुमार, नीतीश कुमार तथा ससुर लालधारी महतो समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

प्रवासी श्रमिकों के हितों को लेकर कार्य करने वाले सिकन्दर अली लगातार इस मामले में संपर्क कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित कंपनी के अधिकारियों से उचित मुआवजा दिलाने के साथ-साथ मृतक का शव शीघ्र भारत भेजने की मांग की है, ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके।

मृतक की पत्नी धनेश्वरी देवी ने बताया कि परिवार की खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनके पति जनवरी 2005 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां वह केईसी कंपनी में कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि 20 जून 2026 को पति की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

धनेश्वरी देवी ने कहा कि, “पति की मौत के नौ दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक सऊदी अरब से उनका शव यहां नहीं पहुंच सका है। कंपनी की ओर से मुआवजे को लेकर भी कोई सार्थक जवाब नहीं मिल रहा है, जिससे पूरा परिवार काफी परेशान है।”

उन्होंने सरकार से गुहार लगाते हुए कहा कि उनके पति का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि परिवार अंतिम दर्शन कर उनका अंतिम संस्कार कर सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top