सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गौरव और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को तिरंगे और रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि सलूजा स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक तरनजीत सिंह सलूजा एवं गुरप्रीत कौर सलूजा ने ध्वजारोहण कर की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गिरिडीह बी.एड. कॉलेज की विनीता कुमारी एवं राखी कोहली उपस्थित रहीं। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया।
इस दौरान विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा, निदेशक रमनप्रीत कौर, प्राचार्या ममता शर्मा, उप प्राचार्य सूरज कुमार लाला, वरिष्ठ प्रशासक रूपा मुद्रा सहित शिक्षकगण एवं अभिभावक मौजूद रहे।
इसके बाद विद्यालय के नवनिर्मित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने स्कूल सॉन्ग के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
महिला सशक्तिकरण की थीम पर बालिकाओं की नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, अमर शहीद भगत सिंह के जीवन एवं बलिदान पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया।
कार्यक्रम में सलूजा गोल्ड मिलीमीटर के नन्हे बच्चों ने ‘बढ़ते चलो’ देशभक्ति गीत पर ऊर्जावान प्रस्तुति दी। वहीं सलूजा गोल्ड मिलीमीटर की पचम्बा शाखा के बच्चों ने ‘इंडिया वाले’ गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
समारोह के समापन पर विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्या ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में राष्ट्रीय मूल्यों, आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रतिभा का विकास करते हैं। अंत में उप प्राचार्य सूरज कुमार लाला ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अभिभावकों एवं शिक्षकों के प्रति आभार जताया और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी को धन्यवाद दिया।