सलैया स्टेशन पर ट्रेन ठहराव की मांग तेज
जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने महाप्रबंधक को लिखा पत्र
डीजे न्यूज, गिरिडीह : न्यू गिरिडीह-कोडरमा रेल मार्ग पर स्थित सलैया स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में दक्षिण-पूर्व रेलवे के ZRUCC सदस्य अरुण जोशी ने पूर्व-मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह को पत्र भेजकर ट्रेन संख्या 13513/14 आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस तथा 14049/10 गोड्डा-दिल्ली साप्ताहिक एक्सप्रेस का ठहराव सलैया स्टेशन पर करने की मांग की है।
शहरी क्षेत्र और आसपास के गांवों को मिलेगा लाभ
पत्र में कहा गया है कि पचंबा क्षेत्र स्थित सलैया स्टेशन एक घनी आबादी वाला शहरी इलाका है, जिससे दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं। यहां टेंपो और ई-रिक्शा जैसी परिवहन सुविधाएं भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को आने-जाने में आसानी होगी। बावजूद इसके रांची और नई दिल्ली जाने वाली ट्रेनें यहां से गुजरती तो हैं, लेकिन ठहराव नहीं होने के कारण हजारों लोग इन ट्रेनों के लाभ से वंचित रह जाते हैं।
रेलवे राजस्व बढ़ने की भी जताई उम्मीद
अरुण जोशी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ट्रेन परिचालन शुरू होने के समय से ही स्थानीय लोग लगातार सलैया स्टेशन पर ठहराव की मांग करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव यहां दिया जाता है तो यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, जिससे रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी और अधिक से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिल सकेगा।
इस पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, धनबाद मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्रा तथा गिरिडीह डिस्ट्रिक्ट चैम्बर ऑफ कॉमर्स को भी भेजी गई है।