सिविल सोसाइटी ने जनहित के मुद्दों पर किया मंथन

सिविल सोसाइटी ने जनहित के मुद्दों पर किया मंथन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सिविल सोसाइटी गिरिडीह के सदस्यों की नियमित बैठक रविवार को मारुति टावर, तिरंगा चौक स्थित मार्क इंफोसिस के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, कार्यकारी सचिव शंकर प्रसाद, कार्यालय सचिव सुधीर अग्रवाल, सहसचिव सुनील खंडेलवाल सहित सदस्य लखन लाल, श्याम सुंदर खंडेलवाल, कृष्णा मोदी, बीवी लाल आदि उपस्थित रहे।

 

बैठक की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सिविल सोसाइटी के प्रयासों से डांडीडीह के संकरे एवं जर्जर रेल ओवरब्रिज के पुनर्निर्माण को लेकर चल रही कार्रवाई के लिए उपायुक्त एवं पथ निर्माण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

 

बैठक में श्मशान घाट में दाह संस्कार के लिए लकड़ी की हो रही किल्लत पर भी चर्चा हुई। इस समस्या के समाधान के लिए वन प्रमंडल पदाधिकारी, पूर्वी क्षेत्र गिरिडीह को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। पत्र के माध्यम से सड़क किनारे मौजूद जर्जर, दीमक लगे एवं सूखे पेड़ों को कटवाकर निशुल्क अथवा न्यूनतम दर पर सिविल सोसाइटी के माध्यम से श्मशान घाट को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा।

 

वहीं पुराने पुलिस लाइन के समीप चंदन नगर में आम नागरिकों की सुविधा के लिए बनाए गए सामुदायिक भवन पर कोरोना काल से कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित अवैध कब्जे के मामले को लेकर महापौर, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखने तथा भवन को कब्जामुक्त कराने का अनुरोध करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में चैताडीह जलापूर्ति संयंत्र से बिना फिल्टर किए बंद कोयला खान का पानी भंडारीडीह से पचंबा तक आपूर्ति किए जाने के मुद्दे पर भी गंभीर चिंता जताई गई। इस संबंध में महापौर को आवेदन देकर जल शुद्धिकरण व्यवस्था को चालू अथवा सुदृढ़ कराने के लिए स्मारक पत्र देने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 अगस्त 2026 तक आजीवन सदस्यता लेने वाले सदस्यों को ही प्राथमिक अथवा स्थापना सदस्य की मान्यता दी जाएगी। अंत में बैठक को अगले रविवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top