खनिज अधिकारों के मुद्दे पर JMM का 21 अगस्त से होगा आंदोलन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : केंद्र सरकार के MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। 21 अगस्त से शुरू होने वाले इस आंदोलन को लेकर JMM के गिरिडीह जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी की रणनीति की जानकारी दी।
संजय सिंह ने कहा कि MMDR में किए गए संशोधन का झारखंड पर व्यापक असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन खनन गतिविधियों के कारण प्रदूषण, जल संकट और पर्यावरणीय समस्याओं का सामना भी राज्य की जनता को करना पड़ता है। ऐसे में खनिज संपदा से प्राप्त राजस्व एवं सेस का उपयोग राज्य सरकार विकास कार्यों और खनन प्रभावित क्षेत्रों के हित में करती है।
उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर झारखंड के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रस्तावित संशोधन राज्य के आर्थिक हितों के लिए नुकसानदायक है। उनके अनुसार, इससे राज्य के राजस्व पर असर पड़ सकता है और विकास योजनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
JMM जिलाध्यक्ष ने कहा कि खनन प्रभावित इलाकों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्य को मिलने वाला राजस्व महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार संशोधन को वापस नहीं लेती है तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
उन्होंने बताया कि 21 अगस्त से राज्य स्तरीय आंदोलन की शुरुआत होगी। आंदोलन के अगले चरण को लेकर JMM केंद्रीय कमेटी की बैठक में रणनीति तय की जाएगी। केंद्रीय कमेटी के निर्णय के बाद आंदोलन की आगे की रूपरेखा घोषित की जाएगी।