SIRअभियान में तेजी लाने के निर्देश, 10 जुलाई तक हर मतदाता तक पहुंचे गणना प्रपत्र : उपायुक्त

SIRअभियान में तेजी लाने के निर्देश, 10 जुलाई तक हर मतदाता तक पहुंचे गणना प्रपत्र : उपायुक्त

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को 10 जुलाई तक शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित करने तथा वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में 21,12,570 गणना प्रपत्रों के वितरण के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 12,84,100 प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का 60.78 प्रतिशत है। इस पर उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) और नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान को गति देने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी बीएलओ को घर-घर जाकर प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाने और उन्हें भरवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा वितरण और संग्रहण का कार्य पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किया जाए।

बैठक में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को अगले सप्ताह तक डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य समानांतर रूप से संचालित किया जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे हो सकें।

उन्होंने अभियान में प्रतिनियुक्त वॉलेंटियर्स, विभिन्न विभागों के कर्मियों और अन्य सहायक मानव संसाधनों को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर बीएलओ को हरसंभव सहयोग देने को कहा।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग का SIR अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मी समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top