बीसीसीएल के परियोजना प्रभावित परिवारों के बच्चों तक स्टेम शिक्षा पहुंचा रहा है आईआईटी (आईएसएम)
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत की अग्रणी तकनीकी संस्थाओं में शामिल आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के परियोजना प्रभावित परिवारों (प्रोजेक्ट अफेक्टेड पर्सन–पीएपी) तथा अन्य जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है। संस्थान के विशेषज्ञ बीसीसीएल के संचालन क्षेत्रों में स्थित तीन स्कूलों में कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से स्टेम (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एवं मैथेमेटिक्स) की विशेष कक्षाएं संचालित कर रहे हैं।
यह कार्यक्रम संस्थान के प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियांत्रिकी विभाग द्वारा बीसीसीएल की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) परियोजना के तहत संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का समन्वय प्रो. रश्मि सिंह एवं प्रो. नीलाद्रि दास कर रहे हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण तथा समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में उच्च शिक्षा और बेहतर करियर के लिए प्रेरित हो सकें।
इस पहल के तहत संस्थान के शिक्षक एवं विशेषज्ञ नियमित रूप से स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों के साथ इंटरैक्टिव सत्र आयोजित करते हैं। पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ गतिविधि आधारित शिक्षण, डिजिटल माध्यमों, तार्किक अभ्यास, प्रयोगों तथा आसान वैज्ञानिक प्रदर्शनों के जरिए विद्यार्थियों को कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाया जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ रही है और विज्ञान को लेकर उनकी जिज्ञासा भी लगातार बढ़ रही है।
प्रो. रश्मि सिंह ने कहा, “हमारा प्रयास केवल विद्यार्थियों को विज्ञान पढ़ाना नहीं, बल्कि उनमें वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और नई चीजों को समझने की जिज्ञासा विकसित करना है। यदि सही मार्गदर्शन स्कूल स्तर पर मिल जाए, तो परियोजना प्रभावित परिवारों के बच्चे भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें पूरा कर सकते हैं।”
प्रो. नीलाद्रि दास ने कहा संस्थान की यह पहल बच्चों को प्रयोगों, डिजिटल टूल्स और गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से सीखने का अवसर दे रही है। हमारा लक्ष्य उन्हें आत्मविश्वासी बनाना और भविष्य में इंजीनियरिंग, विज्ञान एवं अन्य तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार तैयार करना है।”
यह कार्यक्रम भागीरथ ब्रह्मचारी हाई स्कूल, राजगंज, गर्ल्स हाई स्कूल, रेलवे कॉलोनी, भागा तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), झरिया में चलाया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य स्कूल स्तर पर सीखने की कमियों को दूर करना, विद्यार्थियों की बुनियादी समझ को मजबूत बनाना तथा उन्हें निरंतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। आईआईटी (आईएसएम) के विशेषज्ञों की नियमित मौजूदगी से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण STEM शिक्षा अपने ही स्कूल परिसर में मिल रही है।
तीनों स्कूलों के प्राचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में विज्ञान एवं गणित के प्रति रुचि बढ़ी है और उन्हें बेहतर तरीके से सीखने का अवसर मिल रहा है।
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद इस परियोजना अवधि के दौरान नियमित रूप से STEM कक्षाओं का संचालन जारी रखेगा, ताकि बीसीसीएल के संचालन क्षेत्रों, विशेषकर परियोजना प्रभावित परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सतत शैक्षणिक सहयोग और बेहतर भविष्य की दिशा में मजबूत आधार मिल सके।