SIR विवाद पर JMM छात्र मोर्चा का प्रदर्शन, रणधीर वर्मा चौक पर फूंका पुतला

SIR विवाद पर JMM छात्र मोर्चा का प्रदर्शन, रणधीर वर्मा चौक पर फूंका पुतला

डीजे न्यूज,धनबाद : निर्वाचन आयोग की एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को झामुमो छात्र मोर्चा ने धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध जताया।

प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष आजाद कुमार महतो ने किया। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए और एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

आजाद कुमार महतो ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि करीब 13 करोड़ लोगों के नाम काटकर वोट चोरी के जरिए राज्यों में सरकार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की तथा एसआईआर प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top