शराब के नशे में कुएं में गिरने से वृद्ध की मौत, गांव में मचा कोहराम
डीजे न्यूज, तिसरी (गिरिडीह) : तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय पंचायत के जमामो गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब 60 वर्षीय अर्जुन शर्मा का शव गांव के ही एक कुएं में उपलाता हुआ पाया गया।
जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा शराब का सेवन करते थे। बताया जाता है कि शुक्रवार को वह शराब पीकर घर लौटे थे और रात में नशे की हालत में किसी कारणवश घर से बाहर निकल गए। इसी दौरान वे गांव के एक डारीनुमा कुएं में गिर पड़े, जिसकी किसी को जानकारी नहीं हो सकी।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह जब ग्रामीण कुएं से पानी भरने पहुंचे तो उन्हें पानी में एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में की गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।