शिक्षकों की मेहनत से नगरक्यारी स्कूल ने बनाई पहचान, एक लाख के पुरस्कार से बढ़ा उत्साह
डीजे न्यूज, गोविंदपुर,धनबाद : गोविंदपुर प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू हाई स्कूल नगरक्यारी ने बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत प्रदर्शन के दम पर जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय की उत्कृष्ट उपलब्धि पर शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। जिला प्रशासन एवं उपायुक्त की ओर से विद्यालय को सम्मानित किए जाने के साथ एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार भी प्रदान किया गया था।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर शिक्षक दिवस के मौके पर कांग्रेस नेता अशोक सिंह ने विद्यालय पहुंचकर प्रधानाचार्य और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय का सम्मानित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। जब वे जिला परिषद सदस्य थे, तब उन्होंने इस विद्यालय को गोद लिया था। उस समय विद्यालय में कई तरह की मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, लेकिन शिक्षकों और विद्यालय परिवार के निरंतर प्रयास से स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
अशोक सिंह ने कहा कि विद्यालय में वर्तमान में करीब 1600 छात्राएं अध्ययनरत हैं, ऐसे में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में शौचालय समेत कई आवश्यक सुविधाओं में सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की इस सफलता के पीछे प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत एवं समर्पण है। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय की निरंतर प्रगति की कामना की।