ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर डीसी की पैनी नजर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को प्रखंड कार्यालय, गिरिडीह स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा, निगरानी और रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनके संचालन और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी उपकरणों को हर समय क्रियाशील रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा वेयरहाउस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, बीयू हॉल, जनरेटर रूम, अग्निशमन यंत्रों, कमरों की सीलिंग व्यवस्था और सुरक्षा बलों के लॉग बुक का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने तैनात सशस्त्र सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। संबंधित अधिकारियों से निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ नियमित निगरानी बनाए रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन शाखा के अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।