शहरपुरा शिव मंदिर में शिवलिंग पुनः प्राण प्रतिष्ठा के लिए 29 अप्रैल से 3 मई तक होंगे अनुष्ठान 

Advertisements

शहरपुरा शिव मंदिर में शिवलिंग पुनः प्राण प्रतिष्ठा के लिए 29 अप्रैल से 3 मई तक होंगे अनुष्ठान

डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : सिंदरी के शहरपुरा बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शिवलिंग की पुनः प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 29 अप्रैल से 3 मई तक आयोजित होंगे। इसके लिए शहरपुरा शिव मंदिर कार्यालय में सचिव दिनेश सिंह, विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के विभाग मंत्री सोनू गिरी और चेम्बर अध्यक्ष दीपक कुमार दीपू ने संयुक्त रुप से प्रेसवार्ता की।

सचिव दिनेश सिंह ने बताया कि शिव मंदिर के शिवलिंग को बीते 20 अप्रैल को मानसिक रूप से बीमार युवक ने खंडित कर दिया था। लोगों की आस्था को ध्यान में रखते हुए शिवलिंग की पुनर्स्थापना के लिए पाँच दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के विभाग मंत्री सोनू गिरी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत से पहले 27 अप्रैल को सुल्तानगंज में प्रवाहित उत्तर वाहिनी गंगा का लगभग 250 लीटर गंगाजल सिंदरी लाया जाएगा। 29 अप्रैल को सुबह कलशयात्रा के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की जाएगी। उसी शाम काशी से लाए गए शिवलिंग का नगर भ्रमण कराया जाएगा। 30 अप्रैल को सिंदरी के पंडितों की अगुवाई में देवघर के पंडित देव आव्हान कर विधिवत पूजा शुरू करेंगे। उसी शाम जागरण का भी आयोजन किया गया है। 1 मई की शाम में उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर भस्म आरती की जाएगी। उसके बाद शिव मंदिर के तालाब में वाराणसी से आए 7 पंडितों द्वारा गंगा आरती किया जाएगा।2 मई की शाम भस्म आरती के बाद वाराणसी और धनबाद से आए कलाकारों द्वारा शिव मंदिर प्रांगण में शिव तांडव की प्रस्तुति की जाएगी। 3 मई को महाभंडारा के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। सिंदरी चेम्बर अध्यक्ष दीपक कुमार दीपू ने सभी सनातनियों से इस कार्यक्रम में सहयोग की अपील की है और बढ़चढ़कर भाग लेकर पुनः प्राण प्रतिष्ठा को भव्य बनाने का आग्रह किया है।

प्रेसवार्ता में मंदिर कमेटी सचिव दिनेश सिंह, विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के विभाग मंत्री सोनू गिरी और चेम्बर अध्यक्ष दीपक कुमार दीपू, विदेशी सिंह, कामेश्वर सिंह, रासबिहारी सिंह, सुनील सिंह, रंजीत निषाद, रोहित सिंह, अंकित सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top