शादी में जा रहे परिवार पर टूटा कहर, सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत

Advertisements

शादी में जा रहे परिवार पर टूटा कहर, सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत

आक्रोशितों ने मुआवजे के लिए डुमरी में किया जीटी रोड जाम 

डीजे न्यूज, डुमरी (गिरिडीह) : डुमरी थाना क्षेत्र के डुमरी-गिरिडीह पथ स्थित पिपराडीह पुल के समीप शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक ही परिवार के पांच सदस्य सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए, जिसमें पुत्र अमीनुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता अब्बु हयात ने धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में एक किशोरी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खांकीकला निवासी अब्बु हयात अपनी पत्नी रुबेना खातुन, पुत्री अलीना परवीन एवं पुत्र अमीनुल के साथ बाइक पर सवार होकर बेरगी में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान एक कार ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे से आ रही दूसरी कार भी पहली कार से जा भिड़ी, जिससे दुर्घटना और भीषण हो गई।

हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अमीनुल की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अमीनुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अब्बु हयात और रुबेना खातुन की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया, लेकिन अब्बु हयात की भी धनबाद जाने के क्रम में बीच रास्ते में मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग शुरू कर दी, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही प्रभारी एसडीओ संतोष गुप्ता, एसडीपीओ आबिद खान, अंचल अधिकारी शशि भूषण वर्मा तथा थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार सदलबल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया और यातायात सामान्य कराया।

अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा हिट एंड रन मामले में सरकारी प्रावधान के तहत मृतकों के आश्रितों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाना ले गई है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। दोनों कार चालकों को मामूली चोट आई थी, लेकिन वे घटना के बाद फरार हो गए। पहला कार संख्या जेएच 01डीएल 3387 रांची से पारसनाथ जा रही थी, जबकि दूसरी कार संख्या जेएच 01जीबी 0616 देवघर से हजारीबाग जा रही थी। बाइक का नंबर एमएच 01बीएक्श 0784 बताया गया है।

घटना के बाद शोक संतप्त परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि बाइक चालक हेलमेट पहने रहता तो शायद जान बच सकती थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह और धनबाद भेज दिया गया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top