सेवा कार्यों के संकल्प के साथ रोटरी गिरिडीह ग्रेटर की नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी
डीजे न्यूज,गिरिडीह : रोटरी गिरिडीह ग्रेटर का 25वां पदस्थापना दिवस रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में वर्ष 2025-26 की कार्यकारिणी ने वर्ष 2026-27 के लिए नवगठित टीम को विधिवत पदभार सौंपा। कार्यक्रम में सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि रोटरी जिला 3250 के जिलापाल रो. मुकेश तनेजा (2027-28) तथा विशिष्ट अतिथि सहायक जिलापाल रो. रवि चुडिवाला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष रो. अभिषेक छापरिया ने किया तथा अतिथियों का स्वागत किया।
वर्ष 2026-27 के लिए रो. राजेन्द्र तर्वे ने अध्यक्ष तथा रो. अनिल मिश्रा ने सचिव का पदभार ग्रहण किया। इसके अलावा आई.पी.पी. के रूप में रो. सीए शंकर अग्रवाल, सह-सचिव रो. सीए आकाश रोशन, उपाध्यक्ष रो. सीए रवि गाड़िया, कोषाध्यक्ष रो. सीए ब्रह्मदेव प्रसाद, सार्जेन्ट एट आर्म्स रो. अमित कुमार, सम्पादक रो. विकास शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभालीं।
इस अवसर पर क्लब की वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। बताया गया कि क्लब ने स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए। देवघर में कांवरिया सेवा शिविर के दौरान करीब चार हजार श्रद्धालुओं को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। वहीं पावटी अस्पताल और स्नेहदीप वृद्धाश्रम में नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं दंत जांच शिविर आयोजित किए गए तथा कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर में 65 लोगों को लाभ मिला।
इसके अलावा चैताडीह अस्पताल में शिशु किट वितरण, शिक्षक सम्मान, महिला दिवस पर महिला स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान, वृक्षारोपण, योग शिविर, इंटर क्लब बैडमिंटन प्रतियोगिता, गिफ्ट ऑफ वॉक, पिकनिक तथा राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन जैसे कई सेवा कार्यों का सफल संचालन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी गिरिडीह ग्रेटर की ओर से सभी मीडिया प्रतिनिधियों एवं प्रेस सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।