सेहत साथी : 20 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, न्यूट्रिशन किट देकर सुरक्षित मातृत्व का संदेश

सेहत साथी : 20 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, न्यूट्रिशन किट देकर सुरक्षित मातृत्व का संदेश

डीजे न्यूज, झरिया/सिंदरी (धनबाद) : शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चासनाला (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झरिया, सिंदरी) में बुधवार को हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के सीएसआर सहयोग से एचएलएफपीपीटी संस्था द्वारा संचालित “सेहत साथी” कार्यक्रम के तहत “गोदभराई” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 20 गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोदभराई की गई तथा उन्हें न्यूट्रिशन किट वितरित कर सुरक्षित मातृत्व, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मिहिर कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं डॉ. अनु प्रिया, चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर डॉ. मिहिर कुमार ने कहा कि “गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक भोजन, नियमित जांच एवं स्वयं की देखभाल करना चाहिए, क्योंकि सही पोषण ही मां एवं शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।” वहीं डॉ. अनु प्रिया ने गर्भवती महिलाओं को समय पर नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वदेखभाल तथा उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी) की पहचान और उससे संबंधित आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन करते हुए एचएलएफपीपीटी संस्था के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि न्यूट्रिशन किट में भुना चना, गुड़, दलिया, मूंगफली, खजूर एवं काजू शामिल हैं, जो गर्भवती महिलाओं को आवश्यक पोषण प्रदान करने में सहायक हैं। उन्होंने महिलाओं को आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों के नियमित सेवन, समय पर स्वास्थ्य जांच तथा संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में एचएलएफपीपीटी संस्था से समीर कुमार एवं गणेश झा, स्वास्थ्य केंद्र से अमरदीप कुमार (ब्लॉक डाटा मैनेजर), बबली कुमारी (सीएचओ), एएनएम, बीटीटी, सहिया साथी, सहिया, गर्भवती महिलाएं तथा उनके परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को स्वस्थ गर्भावस्था, सुरक्षित प्रसव और नवजात शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण एवं नियमित चिकित्सकीय देखभाल का संदेश दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top