सारे गुंडे एक मंच पर आकर कर रहे मेरा विरोध : ढुलू महतो
गरीबों की आवाज उठाने वालों को नहीं पचा पाते माफिया, करा देते हैं हत्या
टुंडी के कोल्हर मोड़ में लगी शहीद मनींद्र नाथ मंडल की प्रतिमा, सांसद ने किया अनावरण
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : सांसद ढुलू महतो ने कहा है कि धनबाद के सारे माफिया एक मंच पर आकर मेरा विरोध कर रहे हैं। इसका कारण यह है कि मेरे सांसद बनने के बाद माफियों में खलबली मच गई है। वे गरीबों, किसानों, ग्रामीणों और मजदूरों पर अत्याचार करने का साहस नहीं कर पा रहे हैं। इस कारण, रोज मुझे बदनाम करने में लगे रहते हैं। इससे कुछ होने वाला नहीं है। मैं और मजबूती से माफियों के खिलाफ गरीबों के लिए संघर्ष करता रहूंगा। सांसद ढुलू महतो ने यह बातें सोमवार को यहां कोल्हर मोड़ में झामुमो के संस्थापक नेता व शहीद मनींद्रनाथ मंडल की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। समारोह की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया विजय मंडल एवं संचालन नुनूलाल मंडल ने किया।
सांसद ढुलू महतो ने मनींद्रनाथ मंडल को याद करते हुए कहा कि वे गरीबों की आवाज बनकर उभरे थे। नेता स्थपित हो गए थे। इस कारण, माफियों ने उन्हें मार डाला। आज भी धनबाद की वही स्थिति है। गरीबों की आवाज उठाने वालों की हत्या कर दी जाती है। गरीबों की आवाज उठाने के कारण ही मुझ पर माफिया संगठित तरीके से हमले कर रहे हैं। आरोप लगाते हैं कि ढुलू महतो कोयला चोरी करवा रहा है, ढुलू महतो यह कर रहा है, ढुलू महतो वह कर रहा है। लेकिन समझना चाहिए कि झारखंड सरकार, डीसी, एसपी किसके हैं। झरिया, बेरमो में कोयला लूट खुलकर हो रहा है। माफियों की बात छोड़िए, दिनभर खतियान की रट लगाने वाले की भी हिम्मत नहीं है, इसके खिलाफ आवाज उठाए। समारोह को शहीद मनींद्रनाथ मंडल की पत्नी रेखा मंडल, पुत्र विश्वजीत मंडल, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य द्वय ज्ञान रंजन सिन्हा व सुरेश साव, जय नारायण मंडल, मनीष साव, गौतम मंडल, तिलक मंडल, इंद्रजीत मंडल, अशोक मंडल आदि ने संबोधित किया।