संवेदक ने जिप सदस्य के पति के खिलाफ थाना में दी शिकायत
बेड़ा नियामतपुर में शिलापट्ट गिराने का मामला
डीजे न्यूज, बलियापुर (धनबाद):
बेड़ा नियामतपुर गांव में बनने वाले पथ निर्माण कार्य के शिलान्यास के मौके पर गुरुवार को हुई हो-हंगामा और लात मारकर शिलापट्ट गिराने का मामला थाना पहुंच गया है। योजना के संवेदक मंजूर अंसारी ने थाना में जिप सदस्य ऊषा महतो के पति आशीष महतो के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में विकास कार्य में बाधा डालने तथा लात मारकर शिलापट्ट गिरा देने का आरोप लगाया है।
मालूम हो कि दूधिया पंचायत के बेड़ा नियामतपुर में डीएमएफटी फंड से पथ निर्माण होना है। इस कार्य का शिलान्यास गुरुवार को निर्धारित थी। शिलान्यास करने के लिए विधायक चंद्रदेव महतो, सांसद प्रतिनिधि विजय रवानी, उप प्रमुख आशा देवी सहित ग्रामीण शिलान्यास स्थल पर पहुंचे थे। जिप सदस्य के पति आशीष भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिलापट्ट पर जिप सदस्य का नाम नहीं देख भड़क उठे और जमकर हंगामा किया और शिलान्यास का विरोध करने लगे। साथ ही शिलापट्ट को भी गिरा दिया। उनके इस रवैया को देख ग्रामीण भी आक्रोश में आ गए और दोनों ओर से नोंकझोंक होने लगी। काफी जद्दोजहद के बाद विधायक और सांसद प्रतिनिधि शिलान्यास कर सके।